lucknow : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आर.के. सिंह के साथ उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा केन्द्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में व्यापक स्तर पर विद्युतीकरण कराया गया है। साथ ही, अभियान चलाकर जनता को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराये गये हैं। देश की आजादी के पश्चात आमजन को बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में यह अब तक का सबसे बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घण्टे तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। इससे प्रदेश का किसान खुश है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के ऊर्जा विभाग द्वारा विगत तीन वर्षाें में बेहतर कार्य संस्कृति अपनाकर जनसामान्य को निर्बाध बिजली आपूर्ति का कार्य किया गया है। वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान भी ऊर्जा विभाग द्वारा प्रदेशवासियों को निरन्तर विद्युत आपूर्ति की गयी।
बैठक के दौरान केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आर.के. सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार के निरन्तर प्रयास से देश अब ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने के साथ, विद्युत के निर्यात की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि पूरे देश को एक ग्रिड में कनेक्ट किया गया है। विद्युत पारेषण व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। वर्तमान में एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में एक लाख मेगावाॅट बिजली के पारेषण की क्षमता अर्जित कर ली गयी है।